एलडीए के जेई व सुपरवाइजर 7.50 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जूनियर इंजीनियर (जेई), एक सुपरवाइजर और उनके एक निजी सहयोगी को 7.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, गोमतीनगर स्थित एलडीए मुख्यालय के गेट के पास विजिलेंस टीम ने जोन-5 में तैनात जेई दिनेश कुमार वर्मा को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 7.50 लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया। इस मामले में सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश और एक निजी व्यक्ति श्रवण कुमार को भी हिरासत में लिया गया।
बताया जा रहा है कि एक बिल्डर द्वारा आईजीआरएस पोर्टल पर की गई शिकायत का हवाला देकर निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी दी गई थी। आरोप है कि निर्माण कार्य जारी रखने के एवज में 15 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी।
बिल्डर ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और पहली किस्त लेते समय तीनों आरोपितों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
फिलहाल विजिलेंस टीम मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। इस कार्रवाई के बाद एलडीए के अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल देखी जा रही है।