जौनपुर में पुलिस का बड़ा अभियान, 75 वारंटी व वांछित अभियुक्त गिरफ्तार


जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को व्यापक कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जिले के 28 थानों की संयुक्त पुलिस टीमों ने अभियान चलाकर कुल 75 वारंटी एवं वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में 68 गैर-जमानती वारंटी (एनबीडब्ल्यू) तथा 7 वांछित अपराधी शामिल हैं। थाना शाहगंज क्षेत्र से चार वांछित व दो वारंटी, जलालपुर से दो वांछित तथा सिकरारा से एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त केराकत से आठ, बक्सा से सात, खुटहन एवं मछलीशहर से पांच-पांच वारंटियों की गिरफ्तारी की गई, जबकि अन्य थानों से भी कई अभियुक्तों को पकड़ा गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों के प्रभावी अनुपालन तथा अपराधियों पर नियंत्रण के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वारंटी एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाए, जिससे कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अपराधियों में पुलिस का भय कायम रहे।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और किसी भी वांछित अथवा वारंटी अभियुक्त को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights