फिरोजाबाद में पति ने जिंदा पत्नी का किया ‘पिंडदान’, व्हाट्सएप स्टेटस पर वीडियो डालकर लिखा ‘स्वर्गीय’, महिला थाने पहुंची

फिरोजाबाद। जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी जीवित पत्नी का ही पिंडदान कर दिया और उसका वीडियो व्हाट्सएप स्टेटस पर साझा कर उसे ‘स्वर्गीय’ बता दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत महिला थाने में दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, दीपा स्वर्णकार मूल रूप से झारखंड की रहने वाली हैं। उन्होंने वर्ष 2014 में फिरोजाबाद के नगला विष्णु निवासी जितेंद्र प्रकाश से प्रेम विवाह किया था। दंपति के दो छोटे बच्चे भी हैं।
पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास, ननद और देवर द्वारा दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाता रहा। 30 जुलाई 2026 को भी ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की। जान का खतरा महसूस होने पर वह किसी तरह कमरे में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहीं। उन्होंने यह भी बताया कि पति द्वारा जान से मारने की धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है।
शिकायत के मुताबिक, 2 अगस्त को पति ने पत्नी का जीते जी पिंडदान कर दिया और उसका वीडियो अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर डाल दिया। विरोध करने पर पति ने कहा कि वह उसके लिए मर चुकी है और अब वह उसके साथ नहीं रहेगा।
पीड़िता ने पुलिस से पति समेत सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
इस संबंध में इंस्पेक्टर रमित कुमार आर्य ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। आरोपी पति शराब का आदी बताया जा रहा है और फिलहाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।