कस्तूरबा की बेटियों ने खेल मैदान में दिखाया दम, मंडल स्तर पर करेंगी जौनपुर का प्रतिनिधित्व

जौनपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की छात्राओं के जनपदीय खेल चयन ट्रायल में बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का चयन मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए किया गया। चयनित छात्राएं अब मंडल स्तर पर जौनपुर का प्रतिनिधित्व करेंगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के निर्देशन और जिला समन्वयक बालिका शिक्षा शोभा तिवारी की देखरेख में आयोजित चयन ट्रायल में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, शतरंज, योग और एथलेटिक्स की प्रतियोगिताएं कराई गईं। छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग किया।
एथलेटिक्स के जूनियर वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सुजानगंज की निधि जायसवाल ने प्रथम, शाहगंज की शिवांसी बिंद ने द्वितीय और करंजाकला की दिव्यां कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में जलालपुर की उजाला चौहान प्रथम, बरसठी की तृप्ति पटेल द्वितीय और धर्मापुर की प्रिया निषाद तृतीय रहीं। 400 मीटर दौड़ में महराजगंज की आभा और आकृति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जूनियर वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में मुक्तिगंज की उजाला ने प्रथम, बदलापुर की रुचि ने द्वितीय और जलालपुर की शालू ने तृतीय स्थान हासिल किया। सीनियर वर्ग में सुंईथाकला की आंचल गुप्ता प्रथम और करंजाकला की अंशुमा द्वितीय रहीं। बैडमिंटन में खुटहन की आउसी पासवान, शाहगंज की मानवी और सुंईथाकला की पायल मिश्रा का चयन मंडल स्तर के लिए हुआ। वहीं शतरंज में मड़ियाहूं की दिव्यांशी प्रथम और शाहगंज की आंशी द्वितीय रहीं।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अशोक सोनकर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका रवि चंद्र यादव, राकेश कुमार यादव, प्रियंका सिंह, अंकिता यादव, अरुणेश, मनीष सिंह, मनोज यादव, अमित सोनकर और सुरेश यादव ने निभाई। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की वार्डन, व्यायाम शिक्षक, लेखाकार सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights