अयोध्या राम मंदिर के संचालन-प्रबंधन की कमान सीए नरपत डुकिया को, आचार्य इंद्रदेव मिश्र सहयोगी नियुक्त

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के संचालन और प्रबंधन को लेकर नई व्यवस्था लागू की है। ट्रस्ट की ओर से 8 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार चार्टर्ड अकाउंटेंट नरपत डुकिया को मंदिर संचालन एवं प्रबंधन इकाई का प्रमुख नियुक्त किया गया है। इस संबंध में ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन ने आदेश जारी किया।
नई व्यवस्था के तहत नरपत डुकिया मंदिर की समग्र प्रशासनिक व्यवस्था का समन्वय करेंगे। विभिन्न विभागों के बीच तालमेल, व्यवस्थाओं की निगरानी और ट्रस्ट के निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी।
वहीं, अयोध्या स्थित राम वेद विद्यालय के प्रधानाचार्य आचार्य इंद्रदेव मिश्र को डुकिया का सहयोगी नियुक्त किया गया है। यह उनके लिए अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी और उनका कार्यकाल दिसंबर 2026 तक रहेगा।
ट्रस्ट के आदेश के मुताबिक मंदिर में होने वाले नित्य पूजन, यज्ञ, वैदिक अनुष्ठान तथा धार्मिक समिति के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले विभिन्न उत्सवों और कार्यक्रमों के संचालन की जिम्मेदारी भी इन दोनों अधिकारियों को दी गई है।
मंदिर प्रशासन में यह बदलाव ऐसे समय किया गया है, जब चंदा चोरी के मामले के बाद ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव की प्रक्रिया जारी है। नई व्यवस्था में प्रशासनिक प्रबंधन और धार्मिक अनुष्ठानों की जिम्मेदारियों को अलग-अलग निर्धारित करने पर जोर दिया गया है।
ट्रस्ट का उद्देश्य धार्मिक व्यवस्थाओं के साथ-साथ मंदिर के प्रशासनिक कामकाज में बेहतर समन्वय स्थापित करना है। इससे पहले मंदिर निर्माण परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर जगदीश आफले को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला सचिव नियुक्त किया गया था।