चूहा समझकर बक्सा खोला, अंदर छिपा मिला तीन दिन से रह रहा प्रेमी; गांव में मचा हड़कंप


कालपी (उरई)। कालपी क्षेत्र के एक गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने बक्से के अंदर चूहा होने के संदेह में उसे खोला। बक्सा खुलते ही उसमें एक युवक छिपा मिला। बताया जा रहा है कि युवक पिछले तीन दिनों से महिला के घर में बक्से के अंदर छिपकर रह रहा था।
परिजनों के अनुसार, युवक महिला का जीजा है और दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बक्से से युवक के निकलने के बाद परिवार और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। आरोप है कि ग्रामीणों ने युवक की पिटाई की और महिला के साथ उसे गांव में घुमाया।
तीन दिन से बक्से में छिपा था युवक
बताया गया कि युवक करीब तीन दिन पहले महिला के घर आया था। दिन में वह बक्से के अंदर छिपा रहता था और रात में बाहर निकलता था। बुधवार सुबह बक्से से आवाज आने पर महिला की जेठानी को अंदर चूहा होने का संदेह हुआ। बक्सा खोलने पर युवक को अंदर देखकर वह हैरान रह गई।
घटना के बाद युवक और महिला को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
बताया गया है कि युवक कुठौंद थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला है और करीब तीन माह पहले पत्नी से विवाद के बाद घर छोड़कर चला गया था।
पुलिस की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की गई, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights