पांच घंटे में बरामद हुए लापता दो मासूम, पुलिस ने परिजनों को सौंपा

जौनपुर। रामनगर अढ़नपुर गांव से लापता हुए दो मासूम बच्चों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए करीब पांच घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
अढ़नपुर निवासी राजेश बनवासी ने मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना दी कि उनका चार वर्षीय बेटा राजा बनवासी सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से बिना बताए निकल गया था। उसके साथ पड़ोसी सेमु बनवासी का आठ वर्षीय बेटा जादूगर बनवासी भी था। काफी तलाश के बाद दोनों बच्चों का पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस से मदद मांगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी भाऊपुर सुग्रीव प्रसाद गुप्ता ने पुलिस टीम के साथ तत्काल बच्चों की तलाश शुरू कर दी। आसपास के गांवों और संभावित स्थानों पर खोजबीन के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों बच्चे मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के सरौना गांव के सुबानगर में कजरी देखने गए थे। वहां खाना खाने के बाद दोनों सो गए और बाद में रास्ता भटककर सेउर गांव की ओर पहुंच गए।
पुलिस टीम ने मंगलवार शाम करीब तीन बजे सेउर गांव स्थित तालाब के किनारे से दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद बच्चों को उनके माता-पिता को सौंप दिया गया। बच्चों को सुरक्षित देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। चौकी प्रभारी और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की।