राजधानी में दबंगों का दुस्साहस, चौकी प्रभारी पर जंजीर-पत्थरों से हमला

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में पुलिस टीम पर हमले का गंभीर मामला सामने आया है। पारा थाना क्षेत्र के बुद्धेश्वर इलाके में अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस और नगर निगम की टीम पर दबंगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। इस दौरान बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल को निशाना बनाया गया।
आरोप है कि कार्रवाई का विरोध कर रहे दबंगों ने दरोगा को जमीन पर पटक दिया और उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। हमलावरों ने लोहे की जंजीर और पत्थरों से भी हमला किया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और नगर निगम की टीम इलाके में आवारा पशुओं को पकड़ने तथा अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोग कार्रवाई का विरोध करते हुए उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट पर उतारू हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम पर हुए इस हमले ने राजधानी में कानून-व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।