मुकदमा वापस लेने का दबाव: युवक को पीटा, सड़क पर घसीटा और चेहरे पर पेशाब करने का आरोप
हाथरस। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के वाजिदपुर बाजार में सोमवार शाम एक युवक के साथ मारपीट और अमानवीय व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पुराने मुकदमे में समझौता करने और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए कुछ लोगों ने युवक को बाजार में घेर लिया और बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पीड़ित की पहचान शिव कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और सरियों से उसकी पिटाई की। इसके बाद उसके गले में अंगोछे का फंदा डालकर सड़क पर घसीटा गया। पीड़ित के ऊपर पेशाब करने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित पक्ष और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और एक मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि इसी मुकदमे को वापस लेने के लिए युवक पर दबाव बनाया जा रहा था। इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
घटना में घायल शिव कुमार को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।