उमर अब्दुल्ला का राहुल गांधी पर तंज, बोले- विदेशी राजदूत से देश की शिकायत करना मेरी आदत नहीं
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से मुलाकात से पहले ऐसा बयान दिया, जिसे राजनीतिक हलकों में राहुल गांधी पर अप्रत्यक्ष तंज के तौर पर देखा जा रहा है।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि “मेरी आदत नहीं कि मैं अपने देश की शिकायत किसी दूसरे देश के राजदूत से करूँ।” उन्होंने स्पष्ट किया कि जम्मू-कश्मीर से जुड़े मुद्दों का समाधान वाशिंगटन में नहीं, बल्कि नई दिल्ली में होना है।
उमर ने कहा कि वह अमेरिकी राजदूत से जम्मू-कश्मीर के हालात पर बातचीत जरूर करेंगे, लेकिन अपनी शिकायतें लेकर उनके पास नहीं जाएंगे और न ही उनसे किसी समस्या के समाधान की उम्मीद करेंगे।
उमर के इस बयान को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना माना जा रहा है। हालांकि, उमर अब्दुल्ला ने अपने बयान में राहुल गांधी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया।