कन्नौज में कार से 15 करोड़ रुपये का सोना बरामद, दो संदिग्ध तस्कर गिरफ्तार


कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब 10 किलोग्राम सोना बरामद किया है। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध तस्करों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम एक्सप्रेसवे पर संदिग्ध वाहन का पीछा कर रही थी। इसी दौरान तस्करों की कार पुलिस वाहन से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पीछा करते हुए कार को रोक लिया और उसमें सवार दो लोगों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कार से 10 गोल्ड बिस्किट बरामद किए गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोना गोरखपुर से दिल्ली ले जाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस को आशंका है कि सोने की तस्करी नेपाल के रास्ते की गई हो सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीएसटी की टीम तालग्राम थाने पहुंचकर जांच में जुट गई है। इसके अलावा कस्टम विभाग की टीम के भी थाने पहुंचने की जानकारी है। पुलिस अब बरामद सोने के स्रोत, तस्करी के नेटवर्क और आरोपियों के संपर्कों की जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद सोना कहां से आया था और इसे दिल्ली क्यों ले जाया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights