अंबेडकर प्रतिमा तोड़कर ले जाने के मामले में निर्दोष ग्रामीणों पर कार्रवाई का विरोध


वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर स्थित रविदास मंदिर के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़कर ले जाने के मामले में ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के बाद कुछ निर्दोष ग्रामीणों के खिलाफ शांति भंग की धारा 126/135 BNSS के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने मंगलवार को पुलिस आयुक्त, वाराणसी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिन लोगों ने किसी प्रकार का उपद्रव या शांति भंग नहीं की, उनके खिलाफ की गई कार्रवाई को तत्काल हटाने अथवा निरस्त करने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने केवल अंबेडकर प्रतिमा तोड़े जाने और उसे ले जाने की घटना पर अपनी आपत्ति एवं भावनाएं व्यक्त की थीं। उनका दावा है कि किसी भी व्यक्ति ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या शांति भंग करने का प्रयास नहीं किया।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि प्रतिमा तोड़कर ले जाने की घटना की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्दोष ग्रामीणों को राहत देते हुए क्षेत्र में शांति और सौहार्द का वातावरण कायम रखा जाए।
ज्ञापन के दौरान उत्तर प्रदेश ऑटो रिक्शा थ्री-व्हीलर चालक यूनियन के अध्यक्ष ईश्वर सिंह के नेतृत्व में करण, आकाश, हृदय लाल, विजय, राजेंद्र लाल, लता बाबू, दीपचंद, राजकुमार, सुदर्शन, राजेंद्र, रवि, प्रीति, काजल, पप्पू, अतुल और अर्जुन समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने कहा कि उनका उद्देश्य कानून-व्यवस्था को प्रभावित करना नहीं, बल्कि प्रतिमा तोड़े जाने की घटना की निष्पक्ष जांच और वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights