पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिवार ने कुलपति प्रो. वंदना सिंह को दी भावभीनी विदाई

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर मंगलवार को विश्वविद्यालय अतिथि गृह में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विदाई समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि पूर्वांचल की माटी में अपार संभावनाएं हैं। यहां के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के बल पर देश-विदेश में विश्वविद्यालय और पूर्वांचल का नाम रोशन करें, यही उनकी कामना है। उन्होंने कहा कि अपने तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान पठन-पाठन और शोध गतिविधियों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग मिला।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी पूर्वांचल विश्वविद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। प्रो. वंदना सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग के लिए विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय से उनका जुड़ाव और यहां के लोगों का स्नेह सदैव स्मरणीय रहेगा।
समारोह में कुलसचिव विनोद कुमार सिंह, वित्त अधिकारी आत्म प्रकाश धर द्विवेदी सहित शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने प्रो. वंदना सिंह के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. राहुल सिंह, महामंत्री डॉ. शैलेन्द्र सिंह, डॉ. विजय सिंह एवं अन्य पदाधिकारियों की ओर से प्रो. वंदना सिंह को स्मृति-चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष वारीन्द्र सिंह यादव, महामंत्री राधेश्याम सिंह मुन्ना, उपाध्यक्ष सुशील प्रजापति, रमेश यादव और श्रीनाथ यादव समेत अन्य कर्मचारियों ने भी उन्हें भावभीनी विदाई दी।
विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने प्रो. वंदना सिंह के तीन वर्षीय कार्यकाल को विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण और स्मरणीय बताते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।