देवरिया में भाजपा के दो गुटों में मारपीट, बीच सड़क चले लाठी-डंडे; जौनपुर में भी दो पक्षों में बवाल
देवरिया। देवरिया में भाजपा के दो गुटों के बीच विवाद के बाद बीच सड़क जमकर मारपीट होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर दो भाजपा नेताओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार दोनों नेता भाजपा के राष्ट्रीय सह संयोजक सोशल मीडिया शिवानंद द्विवेदी को रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे थे। वहां से लौटते समय खरोच चौराहे के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और लाठी-डंडों से हाथापाई शुरू हो गई।
सड़क पर हुए हंगामे के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना को लेकर इलाके में चर्चा तेज है। हालांकि मामले में भाजपा नेताओं ने फिलहाल कुछ भी बोलने से इनकार किया है।
जौनपुर में भी दो पक्षों में बवाल
उधर, जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सरफराजपुर में बीते रविवार देर रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान ईंट-पत्थर चलने के साथ तोड़फोड़ की भी बात सामने आई है। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर कुल 8 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच शीतला चौकिया चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव को सौंपी गई है।
घटना के बाद इलाके में तनाव और चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले में आरोपों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।