डेढ़ महीने पहले हुई शादी, पत्नी को प्रेमी संग आपत्तिजनक हालत में पकड़ने का आरोप

झांसी। चिरगांव थाना क्षेत्र में शादी के महज डेढ़ महीने बाद एक पति ने अपनी पत्नी को कथित तौर पर प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। पति का आरोप है कि इस दौरान पत्नी और उसके प्रेमी ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया।
पीड़ित पति अपने माता-पिता के साथ झांसी एसएसपी कार्यालय पहुंचा और पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पति के मुताबिक उसकी शादी 24 जून को मध्य प्रदेश के भांडेर निवासी युवती से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।
पति का आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी कथित रूप से उसे चाय और दूध में नींद की गोलियां देने लगी थी, ताकि वह अपने प्रेमी से बातचीत कर सके। पीड़ित के अनुसार 19 अगस्त को भी उसने पत्नी और उसके कथित प्रेमी को लेकर आपत्ति जताई थी। इसके बाद 23 अगस्त को उसने दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया।
आरोप है कि इस दौरान पत्नी ने उसके हाथ पकड़ लिए और प्रेमी ने उसके साथ मारपीट करते हुए गला दबाने का प्रयास किया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उसकी जान बच सकी। पीड़ित ने पुलिस से अपनी जान को खतरा बताते हुए न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मोंठ क्षेत्राधिकारी के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पीड़ित की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।