सस्ते सोने का झांसा देकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

जौनपुर। जलालपुर पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को सस्ते दाम पर सोना दिलाने का झांसा देकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 3 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा लूट की रकम से खरीदी गई फॉर्च्यूनर गाड़ी को भी जब्त किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को सस्ते दाम पर सोना उपलब्ध कराने का लालच देते थे। झांसे में आए लोगों को रुपये लेकर सुनसान स्थान पर बुलाया जाता था, जहां आरोपियों द्वारा मारपीट कर उनसे नकदी लूट ली जाती थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने लूट की रकम से करीब एक महीने पहले फॉर्च्यूनर वाहन खरीदा था। इसी वाहन का इस्तेमाल वारदातों में किया जाता था, जिसे पुलिस ने अब जब्त कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को इजरी मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी अजय सिंह उर्फ पिंटू बताया गया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ जौनपुर और वाराणसी समेत विभिन्न स्थानों पर कुल 16 मुकदमे दर्ज हैं।
फिलहाल जलालपुर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई लूट की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।