बाजार से लापता 56 वर्षीय लल्लन गौतम का धान के खेत में मिला शव

जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के सपही गांव निवासी 56 वर्षीय लल्लन गौतम का शव शनिवार सुबह साधीरनगंज बाजार के पास धान के खेत में पानी के बीच मिला। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि लल्लन गौतम 10 सितंबर को साइकिल से साधीरनगंज बाजार गए थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा उनकी तलाश की जा रही थी।
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने बाजार के पास धान के खेत में पानी के बीच शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, लल्लन गौतम की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।