निलंबित SHO समेत दो वांछितों पर 25-25 हजार का इनाम जलालपुर थाने के मुकदमे में वांछित हैं दोनों आरोपी, गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने घोषित किया पुरस्कार

जौनपुर। जलालपुर थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जौनपुर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ यह पुरस्कार घोषित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना जलालपुर में पंजीकृत मु0अ0सं0-416/2026 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले में वांछित दिव्य प्रकाश सिंह पुत्र स्व. कृष्ण कुमार सिंह निवासी अकोई, थाना कोतवाली, मिर्जापुर तथा राजनरायन गिरि पुत्र बाबुलनाथ गिरि निवासी देहुआ, थाना सुरेरी, जौनपुर की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दिव्य प्रकाश सिंह पूर्व में सुरेरी थाने के थानाध्यक्ष रह चुके हैं और उन्हें निलंबित किया जा चुका है। पुलिस कार्रवाई के अनुसार, सुरेरी से जुड़े कथित वसूली और लूट के मामले की जांच के दौरान यह कार्रवाई सामने आई है। इस प्रकरण में दो निलंबित पुलिसकर्मियों समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी किए जाने की भी जानकारी पुलिस की ओर से दी गई है।
पुलिस ने दोनों वांछित आरोपियों के संबंध में जानकारी रखने वाले लोगों से निकटतम पुलिस थाने अथवा पुलिस को सूचना देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।