जिला जेल पहुंचे डीजी कारागार पीसी मीना, बैरक-पाकशाला का किया निरीक्षण बंदियों से जानी समस्याएं, भोजन की गुणवत्ता परखी; सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के दिए निर्देश

जौनपुर। महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश लखनऊ, पीसी मीना ने शुक्रवार को जिला कारागार जौनपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने कारागार परिसर, बैरकों और पाकशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीजी कारागार ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पाकशाला में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता भी परखी। बंदियों को श्रम के एवज में दिए जाने वाले पारिश्रमिक के संबंध में पूछताछ करने पर बंदियों ने बताया कि उन्हें समय से भुगतान किया जाता है।
महानिदेशक ने जेल में स्थापित सुरक्षा उपकरणों का भी निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर कारागार की व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की सराहना की। साथ ही जेल की भूमि तथा नवीन जिला कारागार के निर्माण कार्यों की प्रगति के संबंध में भी जानकारी ली।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी, उप कारापाल एवं प्रभारी कारापाल सुभाष चंद्र पांडेय, उप कारापाल नंद किशोर गौतम सहित अन्य कारागार कर्मी मौजूद रहे।