3677 करोड़ की सड़क परियोजनाओं से बदलेगी यूपी की तस्वीर, नितिन गडकरी ने किया बड़ा ऐलान

मुंगरा बादशाहपुर में सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास, भूमि पूजन और लोकार्पण; बोले- किसान अब अन्नदाता के साथ बनेगा ऊर्जादाता, इथेनॉल से दौड़ेगी इनोवा
पत्रकार सुशील कुमार स्वामी
जौनपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर स्थित सार्वजनिक इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए 3677 करोड़ रुपये की विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास, भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब पांच लाख करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर काम किया जा रहा है। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष परियोजनाएं विभिन्न चरणों में हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है। प्रदेश के जिन इलाकों में कभी सड़कें नहीं थीं और लोगों को आवागमन के लिए खेतों के रास्तों का सहारा लेना पड़ता था, वहां अब बेहतर सड़क संपर्क विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क और राजमार्ग केवल आवागमन का साधन नहीं हैं, बल्कि विकास, व्यापार, रोजगार और आर्थिक समृद्धि के नए रास्ते भी खोलते हैं।
वाराणसी-जौनपुर सहित कई क्षेत्रों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
गडकरी ने वाराणसी, जौनपुर, लखनऊ और प्रयागराज सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रही सड़क परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। वाराणसी-जौनपुर रिंग रोड, कैंट-बाबतपुर मार्ग तथा लखनऊ-प्रयागराज-वाराणसी मार्गों के विकास से यातायात व्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने चंदौली क्षेत्र में भी सड़क संपर्क को और बेहतर बनाने की बात कही।
बाबतपुर एयरपोर्ट के पास बनेगी ग्रीन टनल
केंद्रीय मंत्री ने बाबतपुर एयरपोर्ट के पास एक महत्वाकांक्षी योजना का उल्लेख करते हुए रनवे के नीचे से ग्रीन टनल बनाने की योजना पर काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से वाराणसी, जौनपुर और लखनऊ की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में भी बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।
किसान केवल अन्नदाता नहीं, अब बनेगा ऊर्जादाता
किसानों की आय बढ़ाने और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर देते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि अब ऊर्जादाता भी बनेगा। देश में वैकल्पिक ईंधन और इथेनॉल के उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इसी महीने टाटा मोटर्स की ओर से 100 प्रतिशत इथेनॉल से चलने वाली इनोवा गाड़ी लॉन्च की जाएगी। इससे पेट्रोलियम ईंधन पर निर्भरता कम करने के साथ किसानों के लिए ऊर्जा क्षेत्र में नए अवसर पैदा हो सकेंगे।
किसानों की आर्थिक स्थिति बदलने के लिए 30 वर्षों से प्रयासरत
अपने संबोधन में गडकरी ने अपने कृषि अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह स्वयं किसान हैं और उनके क्षेत्र में चार चीनी मिलें संचालित होती हैं। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में एक समय 10 हजार किसानों ने आत्महत्या की थी। किसानों की इस गंभीर समस्या के समाधान और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए वह पिछले 30 वर्षों से लगातार प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कृषि, उद्योग और ऊर्जा को आपस में जोड़कर किसानों की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। इथेनॉल उत्पादन जैसे वैकल्पिक ईंधन के माध्यम से किसानों के लिए अतिरिक्त आय के रास्ते खुलेंगे। इससे कृषि क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी और किसान देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
गडकरी ने कहा कि सड़क निर्माण, आधुनिक परिवहन व्यवस्था, वैकल्पिक ऊर्जा और किसानों की आर्थिक समृद्धि देश के विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। सरकार इन क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है।
जनसभा में कई जनप्रतिनिधि और नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव, लोकसभा सांसद सीमा द्विवेदी, पूर्व गृह मंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्रा, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी नेता मौजूद रहे।