त्योहारों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर एडीजी नवीन अरोरा सख्त, पुलिस अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

वाराणसी। आगामी त्योहारों, कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराध नियंत्रण को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक श्री नवीन अरोरा ने शनिवार, 07 नवंबर 2026 को वाराणसी जोन कार्यालय में मासिक क्राइम रिव्यू बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश की प्राथमिकताओं के अनुरूप विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य रूप से सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु रोकने के लिए Zero Fatality District अभियान, सड़क यातायात की समस्या, बच्चों की गुमशुदगी एवं बरामदगी, कानून व्यवस्था, आगामी त्योहारों की सुरक्षा, यक्ष ऐप के माध्यम से अपराधियों के सत्यापन तथा बीट सूचना की गुणवत्ता की समीक्षा की गई।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बनेगी प्रभावी कार्ययोजना
एडीजी नवीन अरोरा ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और अनमोल जिंदगियों को बचाने के लिए प्रभावी यातायात प्रबंधन, अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। दुर्घटना संभावित हॉटस्पॉट को चिन्हित कर ठोस कार्ययोजना के साथ कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पैदल गश्त केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि इसे गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुखी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस के प्रयासों से किसी व्यक्ति की जान बच सकती है और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना पुलिस की बड़ी सफलता होगी।
गुमशुदा बच्चों की बरामदगी के लिए चलेगा ऑपरेशन तलाश
अपहृत एवं गुमशुदा बच्चों की तलाश और शीघ्र बरामदगी को गंभीरता से लेते हुए विशेष अभियान ऑपरेशन तलाश चलाने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए प्रभावी परिणाम सुनिश्चित करने को कहा गया।
दीपावली से देव दीपावली तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आगामी दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज, डाला छठ एवं देव दीपावली के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित पैदल मार्च, अराजक एवं असामाजिक तत्वों की पहचान तथा उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा गया।
छठ पर्व के दौरान पोखरों एवं नदियों के घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए गए। घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, उद्घोषणा प्रणाली, बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन एवं गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ अन्य प्रशासनिक विभागों से समन्वय स्थापित कर बेहतर कार्ययोजना बनाने को कहा गया।
अपराधियों पर शिकंजा, यक्ष एवं त्रिनेत्र ऐप से होगी निगरानी
कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के लिए नियमित फुट पेट्रोलिंग पर विशेष जोर दिया गया। लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए नियमित अर्दली रूम आयोजित करने तथा वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए यक्ष एवं त्रिनेत्र ऐप का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए।
यक्ष ऐप के माध्यम से सत्यापन के बाद अपराधियों द्वारा पुनः अपराध किए जाने की घटनाओं की समीक्षा तथा बीट सूचना की गुणवत्ता में सुधार को भी प्राथमिकता दी गई।
विधानसभा चुनाव से पहले अपराधियों पर होगी कठोर कार्रवाई
आगामी विधानसभा निर्वाचन को देखते हुए अभी से तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए। क्रिटिकल एवं वल्नरेबल बूथों का चिन्हीकरण प्रारंभ करने तथा समाज विरोधी एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
हल्का उपनिरीक्षकों एवं बीट आरक्षियों को अपने-अपने क्षेत्रों के अपराधियों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए। चुनाव के दृष्टिगत अपराधियों पर नियंत्रण के लिए NSA, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, शस्त्र अधिनियम, NDPS एवं आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही संगठित अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों की भी समीक्षा की गई।
कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में श्री वैभव कृष्ण, पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र, श्रीमती पूनम, पुलिस उपमहानिरीक्षक मिर्जापुर परिक्षेत्र, श्री सुनील कुमार सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सहित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर एवं आजमगढ़ तथा पुलिस अधीक्षक गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, बलिया एवं मऊ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
KFD NEWS
जनहित की खबर, निष्पक्ष पत्रकारिता और सटीक समाचार।