बड़ी खबर: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान

नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने रविवार 15 मार्च को पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। इस दौरान चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी मौजूद रहे।
आयोग के अनुसार
असम और केरल में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान होगा।
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा।
पुडुचेरी में भी विधानसभा चुनाव इसी कार्यक्रम के तहत कराए जाएंगे।
इन सभी राज्यों में डाले गए वोटों की गिनती 4 मई को एक साथ की जाएगी।
चुनाव आयोग के अनुसार पांचों राज्यों में कुल 824 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे। इसके लिए करीब 2.19 लाख पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मतगणना के लिए लगभग 40 हजार कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा, जबकि चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए 8.5 लाख सुरक्षाकर्मी लगाए जाएंगे।
इस बार चुनाव में कुछ नई व्यवस्थाएं भी लागू की गई हैं। ईवीएम में सभी उम्मीदवारों की रंगीन फोटो दिखाई देगी। इसके साथ ही सभी पोलिंग बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी और बूथ कर्मचारियों को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे।
गौरतलब है कि इन पांचों राज्यों की मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल मई 2026 में समाप्त हो रहा है। इसलिए संवैधानिक प्रक्रिया के तहत समय रहते चुनाव कराए जा रहे हैं, ताकि नई सरकारों का गठन समय पर हो सके।