घर से बुलाकर विधि छात्र की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान मौत चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव की घटना, नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज

जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में रविवार रात करीब 10:15 बजे घर से बुलाकर एक विधि के छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल छात्र को पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार गोबरा गांव निवासी रामचरण मिश्रा का 25 वर्षीय पुत्र सच्चिदानंद मिश्र प्रयागराज के एक निजी कॉलेज से विधि की पढ़ाई कर रहा था। वह इन दिनों जौनपुर दीवानी कचहरी में एक अधिवक्ता के साथ इंटर्नशिप भी कर रहा था।
परिजनों के अनुसार रविवार रात करीब सवा दस बजे गांव के ही दो लोग, जिनसे पहले से विवाद चल रहा था, घर पहुंचे और सच्चिदानंद को जबरन बुलाकर अपने साथ ले गए। कुछ देर बाद सूचना मिली कि घर से करीब 600 मीटर दूर एक व्यक्ति के पंप हाउस के पास वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ है।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो सच्चिदानंद के सिर और आंख के पास गंभीर चोटें थीं और वह चारपाई पर अचेत पड़ा था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल चारपाई सहित एंबुलेंस में जिला अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मुकदमे की पैरवी को लेकर बताया जा रहा विवाद का कारण
बताया जा रहा है कि किसी मुकदमे की पैरवी को लेकर यह विवाद हुआ था, जिसके चलते आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया।
मां ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक की मां सरिता देवी ने आरोप लगाया कि तीन-चार दिन पहले गांव के ही एक व्यक्ति से विवाद हुआ था। उस मामले में बेटे ने थाने में तहरीर भी दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई की होती तो शायद यह घटना नहीं होती।
पुलिस का कहना
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां उसकी मौत हो गई। मामले में 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।