जौनपुर: विधि के छात्र की हत्या से सनसनी, तीन दिन पहले मिली थी धमकी


जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में रविवार रात करीब सवा दस बजे घर से बुलाकर एक विधि के छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र को अचेत अवस्था में जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, किसी मुकदमे में पैरवी को लेकर हुए विवाद को इस घटना की वजह बताया जा रहा है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा गया कि तीन दिन पहले हुए विवाद की तहरीर थाने में दी गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को नजरअंदाज कर दिया।
गोबरा गांव निवासी रामचरण मिश्रा बाहर रहते हैं। उनका 25 वर्षीय पुत्र सच्चिदानंद मिश्र प्रयागराज के एक निजी कॉलेज से विधि की पढ़ाई कर रहा था। वह इन दिनों जौनपुर दीवानी कचहरी में एक अधिवक्ता के साथ इंटर्नशिप भी कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, रविवार रात करीब सवा दस बजे गांव के ही दो लोग, जिनसे पहले से विवाद चल रहा था, घर पहुंचे और सच्चिदानंद को जबरन अपने साथ ले गए। कुछ देर बाद सूचना मिली कि घर से करीब 600 मीटर दूर एक व्यक्ति के पंप हाउस के पास वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो उसके सिर और आंख के पास गंभीर चोटें थीं और वह चारपाई पर पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर हालत देखते हुए उसे चारपाई सहित एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।
इस मामले में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि घायल को जिला अस्पताल भेजा गया था। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights