भगवान निषादराज एवं बाबा साहब अंबेडकर की जयंती भव्य रूप से मनाएगी सपा: राकेश मौर्य

जौनपुर। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक जिला कार्यालय सदर चुंगी, अल्फस्टीनगंज में जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया और एजेंडे की जानकारी दी।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार जनपद की सभी विधानसभाओं में भगवान निषादराज की जयंती समारोहपूर्वक मनाई जाएगी। साथ ही संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती भी पूरे जनपद में भव्य रूप से आयोजित की जाएगी, जिसकी रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि आगामी 10 अप्रैल को मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद सभी विधानसभा अध्यक्ष उसकी गहन समीक्षा करेंगे और किसी भी त्रुटि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देंगे।
बैठक में पूर्व मंत्री श्रीराम यादव, पूर्व विधायक लालबहादुर, श्रद्धा यादव, पूर्व प्रदेश सचिव कलीम अहमद सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार रखे। इसके अलावा जिला एवं विधानसभा स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।