जौनपुर से बड़ी खबर होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 25 से 27 अप्रैल तक दो पालियों में होगी परीक्षा

जौनपुर: उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी—पहली पाली सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक संपन्न कराई जाएगी।
जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। साथ ही केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक और परीक्षा सहायकों की भी नियुक्ति कर दी गई है।
सुरक्षा के लिहाज से सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। हर पाली में लगभग 8400 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे समय से अपनी ड्यूटी पर पहुंचें और परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में परमानंद झा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
👉 Kfdnews.com | जौनपुर रिपोर्ट