सुनसान गली में महिला से छेड़छाड़, आरोपी युवक मौके से फरार मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही महिला को पीछे से युवक ने बनाया निशाना, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
मुजफ्फरनगर। खतौली कोतवाली क्षेत्र में सुबह मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही एक महिला के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
बताया जा रहा है कि महिला सुबह मॉर्निंग वॉक के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान सुनसान गली में एक युवक पीछे से आया और महिला के साथ छेड़छाड़ करने के बाद तेजी से वहां से भाग निकला। महिला ने युवक का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले की चर्चा तेज हो गई है। पुलिस द्वारा फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की पहचान और घटना की जांच किए जाने की बात सामने आई है।