लखनऊ में लाखों की लागत से बना ‘बेकार पुल’, आज तक नहीं गुजरा एक भी वाहन

लखनऊ के राजाजीपुरम इलाके में सरकारी लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ताल कटोरा रोड स्थित बालाजी हनुमान मंदिर के पास हैदर कैनाल नाले पर बना पुल वर्षों से बेकार पड़ा है।
बताया जा रहा है कि लाखों रुपये की लागत से बने इस पुल पर आज तक एक भी वाहन नहीं गुजरा। हैरानी की बात यह है कि स्थानीय दुकानदारों ने इस पुल पर टेंट लगाकर अस्थायी दुकानें तक खोल ली हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल का निर्माण किस उद्देश्य से किया गया, यह आज तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। उपयोग न होने के कारण यह पुल अब दुरुपयोग का केंद्र बन गया है।
यह मामला सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और संसाधनों के सही उपयोग पर सवाल खड़े करता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस पर संज्ञान लेने और उचित कार्रवाई की मांग की है।