मऊ में दर्दनाक हादसा: डंपर की टक्कर से पुलिस जीप पलटी, एक सिपाही की मौत, तीन घायल


मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। घोसी कोतवाली क्षेत्र में गश्त पर निकली पुलिस टीम की जीप को तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे जीप गड्ढे में जा गिरी।
हादसे में वाराणसी निवासी सिपाही पवन यादव (38) की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक वाराणसी के कर्मजीतपुर चितईपुर क्षेत्र के रहने वाले थे।
वहीं, इस दुर्घटना में पीआरडी जवान ओम प्रकाश यादव (45), विनोद कुमार सिंह (54) निवासी चंदौली और प्रीतम कुमार यादव (40) निवासी जौनपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के अनुसार, मोबाइल टीम गश्त पर थी तभी बाईं ओर से आ रहे डंपर ने पुलिस जीप को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है। मृतक सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights