जौनपुर में दो सड़क हादसों में छात्रा समेत दो की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

उत्तर प्रदेश के Jaunpur में अलग-अलग सड़क हादसों में एक छात्रा समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
पहली घटना जफराबाद थाना क्षेत्र के गोधना बाईपास की है, जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 18 वर्षीय छात्रा ज्योति पटेल की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि भुवालापट्टी गांव निवासी ज्योति बाजार से सामान लेकर लौट रही थी। हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी घटना सुजानगंज थाना क्षेत्र के रायपुर कला गांव की है। यहां सड़क किनारे खड़े 48 वर्षीय शेषमणि प्रजापति को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें इलाज के लिए कई डॉक्टरों के पास लेकर गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।