राष्ट्रपति मुर्मु की फिल्मी सितारों को नसीहत—‘स्टार वही जो रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं’ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक उत्पादों के प्रचार से बचने की अपील, बोलीं—करोड़ों युवा करते हैं लोकप्रिय कलाकारों का अनुसरण


नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लोकप्रिय फिल्मी कलाकारों से लोगों की सेहत के लिए हानिकारक उत्पादों का प्रचार नहीं करने की अपील की है। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि लोकप्रिय कलाकारों में खासकर बच्चों और युवाओं को प्रभावित करने की बहुत बड़ी क्षमता होती है।

राष्ट्रपति ने कहा कि जब सफल फिल्म कलाकार अनुशासित जीवनशैली के फायदों के बारे में बताते हैं तो लाखों बच्चे और युवा उनका अनुसरण करते हैं। ऐसे में लोकप्रिय कलाकारों को अपने प्रभाव का इस्तेमाल समाज के हित में करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “मैं यह अनुरोध करना चाहूंगी कि लोकप्रिय कलाकार स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थों का एंडोर्समेंट न करें। स्टार वही है जो रोशनी फैलाए, अंधेरा नहीं।”

राष्ट्रपति की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब पान मसाला के कथित सरोगेट विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड के अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से नोटिस दिए जाने की खबर सामने आई है। हालांकि, राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में किसी अभिनेता का नाम नहीं लिया।

राष्ट्रपति ने फिल्म उद्योग से जुड़े छोटे कलाकारों, सहायकों और अन्य कर्मियों के सम्मान तथा सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील भी की। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की चयन प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights