गोमती नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र में शनिवार को गोमती नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया। घटना पुराने पुल के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हीरापुर मचहटी गांव निवासी 18 वर्षीय प्रवेश यादव और 20 वर्षीय शिवम चौरसिया अपने कुछ साथियों के साथ दोपहर में गोमती नदी पर स्नान करने पहुंचे थे। नहाने के दौरान दोनों युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद मौके पर शोर मच गया।
आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग नदी किनारे पहुंचे और काफी प्रयास के बाद दोनों युवकों को पानी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरीबारी डोभी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। मृतक प्रवेश यादव के पिता मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं, जबकि शिवम चौरसिया का परिवार वाराणसी में निवास करता है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि गोमती नदी में स्नान के दौरान डूबने से दोनों युवकों की मौत हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

oplus_10485760

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights