लोकतंत्र बचाओ सप्ताह में सपा का जनजागरूकता अभियान 2 से 8 अक्टूबर तक चलेगा कार्यक्रम, वोट बचाओ-देश बचाओ और संविधान बचाओ का दिया संदेश; जिला स्तर पर मार्च और प्रदर्शन की तैयारी

जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश तथा इंडिया गठबंधन की बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में समाजवादी पार्टी द्वारा 2 से 8 अक्टूबर तक “लोकतंत्र बचाओ सप्ताह” मनाया जा रहा है। इसके तहत “वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ” के संदेश के साथ विभिन्न चरणों में जनजागरूकता एवं संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने बताया कि लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत संगठन ने चरणबद्ध कार्यक्रम निर्धारित किए हैं। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जा चुकी है, जिसमें लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार से जुड़े विषयों पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई।

उन्होंने बताया कि तीसरे चरण में विधानसभा वार बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को मतदाता सूची तथा मतदान प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर सपा ने उठाए सवाल

जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी का आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में अपनाई गई कुछ प्रक्रियाएं और लिए गए निर्णय संविधान एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत हैं। पार्टी इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाकर अपनी आपत्तियां और तथ्य रखेगी तथा मताधिकार की सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाएगी।

उन्होंने बताया कि चौथे चरण में जनपद स्तर पर वृहद मार्च आयोजित किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर एकत्रित होकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद मार्च करते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पहुंचकर माल्यार्पण किया जाएगा। वहां से मार्च कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचेगा, जहां प्रदर्शन और सभा के माध्यम से पार्टी अपनी मांगें रखेगी।

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग

सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा पार्टी द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई किए जाने की मांग शामिल है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शी मतदाता सूची और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएगी।

प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद

प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई, विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, पूर्व विधायक श्रद्धा यादव, पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद खान, जिला महासचिव आरिफ हबीब, दीपचंद राम, पूनम मौर्य, डॉ. सभाजीत यादव, श्यामबहादुर पाल, हीरालाल विश्वकर्मा, महेंद्र यादव नेपाल, गामा सोनकर, सुशील दुबे, गुलाब यादव रीठी, श्रवण जायसवाल, वीरेंद्र यादव, डॉ. जंगबहादुर यादव, दीपक विश्वकर्मा, सुनील वासुदेव यादव, रुद्र प्रताप यादव, संदीप यदुवंशी, मुकेश यादव, मो. आसिफ शाह सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights