कफ सिरप सिंडिकेट मामले में STF की बड़ी कार्रवाई विभोर राणा समेत 6 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

Lucknow और Saharanpur से जुड़े चर्चित कोडीनयुक्त कफ सिरप सिंडिकेट मामले में STF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभोर राणा समेत छह आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। सभी आरोपी फिलहाल जेल में बंद बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, STF ने करीब छह महीने तक विवेचना कर पुख्ता सबूत जुटाए। जांच में सामने आया कि सिंडिकेट का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था और कफ सिरप की खेप नेपाल व बांग्लादेश तक भेजी जाती थी।
इस मामले में STF ने जीआर ट्रेडिंग के मालिक विभोर राणा, मारुति मेडिकोज के सचिन कुमार, एबी फार्मास्युटिकल के अभिषेक शर्मा, विशाल सिंह, बिट्टू कुमार और शुभम शर्मा को गिरफ्तार किया था। जांच के बाद अब इनके खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह गिरोह वर्ष 2019 से सक्रिय था। बैंक खातों, फर्म रिकॉर्ड और दवा कंपनी की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच में चार वर्षों के भीतर करीब 400 करोड़ रुपये की खरीद और 1200 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री का खुलासा हुआ है।
STF का दावा है कि गिरोह दवा कंपनियों से कफ सिरप खरीदकर विभिन्न राज्यों में सप्लाई करता था और बाद में इसे नेपाल व बांग्लादेश तक पहुंचाया जाता था। जांच में पूरे नेटवर्क, ट्रांजैक्शन और रूट की विस्तृत जानकारी जुटाई गई है।
मामले में बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह, अमित टाटा और विकास समेत अन्य आरोपी भी जेल में हैं। सूत्रों के अनुसार, इनके खिलाफ जल्द पूरक चार्जशीट दाखिल की जा सकती है।
वहीं विदेश में बैठे सिंडिकेट सरगना शुभम जायसवाल, गौरव और वरुण सिंह को भारत लाने की प्रक्रिया भी जारी है। उनके पासपोर्ट निरस्त कर लुक आउट सर्कुलर जारी किए जा चुके हैं।