जौनपुर: डीएम का ताबड़तोड़ एक्शन, बीडीओ पर निलंबन की तलवार

जौनपुर। जिले के नए जिलाधिकारी Samuel Paul N ने कार्यभार संभालते ही प्रशासनिक व्यवस्था में सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी Dhruv Khadia के साथ मुफ्तीगंज ब्लॉक के औचक निरीक्षण में भारी अनियमितताएं मिलने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाया।
निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों, कार्यालय व्यवस्था और योजनाओं के संचालन में गंभीर लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी के खिलाफ चार्जशीट जारी कर निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। वहीं एडीओ आईएसबी के निलंबन की संस्तुति करते हुए उनका वेतन रोकने के आदेश भी जारी कर दिए गए।
जांच में पाया गया कि खंड विकास अधिकारी विकास योजनाओं की अद्यतन जानकारी और क्षेत्र भ्रमण का रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सके। ब्लॉक परिसर में संचालित प्रेरणा कैंटीन पिछले तीन वर्षों से बंद मिली, जबकि निर्माणाधीन मीटिंग हॉल का कार्य भी अधूरा पाया गया।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक परिसर में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा तक उपलब्ध नहीं मिली। अधिकारियों को यह तक जानकारी नहीं थी कि क्षेत्र में कितनी बोरिंग चालू हैं और कितनी खराब पड़ी हैं।
मनरेगा योजनाओं की समीक्षा में भी गंभीर खामियां सामने आईं। जॉब कार्ड, मानव दिवस सृजन और रोजगार से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। कार्यालय परिसर में फैली गंदगी पर भी डीएम ने नाराजगी जताई।
एडीओ पंचायत से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और आरआरसी से जुड़ी जानकारी मांगी गई, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए।
Mahatma Gandhi National Rural Employment Guarantee Act सेल के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पात्र लोगों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने और योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ लागू किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।