आंधी-बारिश से हुए नुकसान पर सीएम योगी ने लिया संज्ञान

लखनऊ, 14 मई। उत्तर प्रदेश में आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने संज्ञान लिया है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में जनहानि, पशुहानि और मकानों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आई हैं।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित परिवारों को जल्द मुआवजा जारी करने के लिए कहा गया है।
जानकारी के अनुसार बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई, उन्नाव समेत 19 जिलों में खराब मौसम के कारण जनहानि और फसल नुकसान की सूचना मिली है। कई स्थानों पर मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया है कि मौके पर पहुंचकर तत्काल सर्वे कराया जाए, ताकि संबंधित विभागों के समन्वय से प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सीएम योगी ने राहत कार्यों को प्राथमिकता देने और मुआवजा वितरण व बचाव अभियान से जुड़े कार्यों की जानकारी सोशल मीडिया पर अपडेट करने के भी निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी जिलों से हर तीन घंटे पर स्थिति रिपोर्ट मांगी गई है।