दूल्हा हत्याकांड के आरोपी शुभम सिंह के घर छापा, लाखों की अवैध दवाएं बरामद


जौनपुर। शाहगंज के चर्चित दूल्हा हत्याकांड के आरोपी शुभम सिंह के घर पर पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध एलोपैथिक दवाएं बरामद की हैं। बरामद दवाओं की कीमत करीब 2,33,860 रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई खेतासराय थाना क्षेत्र के सरवरपुर वार्ड नंबर-1 स्थित आरोपी के आवास पर की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी के घर में अवैध रूप से एलोपैथिक दवाओं का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर खेतासराय पुलिस, ड्रग इंस्पेक्टर रजत कुमार तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी भानु प्रताप सिंह की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान आरोपी शुभम सिंह की मां संगीता सिंह घर पर मौजूद थीं। जांच में टीम ने पाया कि घर में बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाएं बिना किसी वैध लाइसेंस और दस्तावेज के रखी गई थीं।
अधिकारियों ने दवाओं के दो नमूने जांच के लिए एकत्र कर सरकारी लैब भेज दिए हैं। वहीं शेष दवाओं को ड्रग एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 एवं नियमावली 1945 के तहत सूचीबद्ध कर चार प्लास्टिक की बोरियों में भरकर मौके पर ही सील कर दिया गया।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार लैब रिपोर्ट आने और विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी शुभम सिंह के खिलाफ संबंधित न्यायालय में शिकायत वाद भी दर्ज कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights