सई नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के सलखापुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर सई नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार जफराबाद थाना क्षेत्र के बैजाबाद गांव के करीब एक दर्जन युवक सई नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दो युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद अन्य युवकों ने दोनों की तलाश शुरू की। काफी देर की मशक्कत के बाद दोनों युवक नदी के पानी में बेहोशी की हालत में मिले।
साथी युवक तत्काल दोनों को बाइक से जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन दोनों को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान राजन चौहान पुत्र अनिल चौहान तथा रवि चौहान पुत्र राय चौहान निवासी बैजाबाद, जफराबाद के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।