तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, जिलाधिकारी ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

जौनपुर, 16 मई 2026। तहसील सदर स्थित कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा कुछ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान प्रमोद कुमार निवासी ग्राम पूरेरामजी, थाना बक्सा, सदर जौनपुर ने प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि उनकी भूमि के कुछ गाटा पर पुलिस सुरक्षा में निर्माण कार्य सुनिश्चित कराने हेतु पूर्व में आवेदन दिया गया था, लेकिन राजस्व टीम गठित होने के बावजूद कार्रवाई में विलंब हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक को दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में धन्नोपुर शंकरमंडी निवासी श्रीमती इशरत ने शिकायत की कि विद्युत भुगतान करने के बावजूद विभाग द्वारा एनओसी जारी नहीं की जा रही है। इस पर जिलाधिकारी ने एक्सईएन हाइडल के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जमीन विवाद, खतौनी, विद्युत एवं अन्य विभागों से संबंधित कई प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद जिलाधिकारी ने शासन की प्राथमिकताओं, जनसुनवाई व्यवस्था एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय से कार्यालय पहुंचें और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक प्रभावी जनसुनवाई की जाए तथा प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई, आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों को किसी भी स्थिति में लंबित न रखा जाए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आगंतुकों एवं फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। साथ ही कार्यालयों में रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा विभागीय समन्वय के साथ शासन की मंशानुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने खराब उपकरणों को तत्काल ठीक कराने, कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने लोगों से अपने घरों पर पक्षियों के लिए दाना और पानी रखने की अपील भी की। इसी क्रम में जिले की अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।