मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरा डिजिटल स्वगणना प्रपत्र, नागरिकों से सहभागिता की अपील

गोरखपुर। Yogi Adityanath ने शनिवार को गोरखपुर प्रवास के दौरान गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित अपने आवास पर प्रदेश में चल रही डिजिटल जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत स्वगणना (सेल्फ एनुमेरेशन) का ऑनलाइन प्रपत्र भरा।
मुख्यमंत्री ने स्वगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज करते हुए सभी आवश्यक कॉलम पूर्ण किए। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से 21 मई तक चलने वाली डिजिटल स्वगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की पहली पूरी तरह डिजिटल जनगणना है, जिसका उद्देश्य “हमारी जनगणना-हमारा विकास” की भावना के तहत सटीक आंकड़े एकत्रित कर प्रदेश के विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की बेहतर रूपरेखा तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े शासन की नीतियों और योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसलिए प्रत्येक नागरिक को इस प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि 7 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से डिजिटल जनगणना के पहले चरण ‘स्वगणना’ का शुभारंभ किया था।