अनुराग हत्याकांड: पिता ने जताया जान का खतरा, बोले- मुकदमे की पैरवी करने पर कराया जा रहा पीछा


Jaunpur के चर्चित अनुराग हत्याकांड में मुकदमे की पैरवी कर रहे अनुराग के पिता ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी पक्ष के लोग लगातार उनका पीछा कर रहे हैं और डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं।
पीड़ित पिता के अनुसार, कुछ दिन पहले गांव के पास पुलिया पर बैठे होने के दौरान उन्हें संदिग्ध गतिविधि महसूस हुई, जिसके बाद वह एक परिचित के घर चले गए। आरोप है कि थोड़ी देर बाद दो युवक बाइक से मुंह बांधकर उन्हें तलाशते हुए वहां पहुंचे। घरवालों ने गमछा हटने पर दोनों को पहचान लिया और इसकी जानकारी उन्हें दी।
उन्होंने बताया कि मामले की सूचना पुलिस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस और कोबरा दस्ता मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपित वहां से फरार हो चुके थे।
अनुराग के पिता का कहना है कि मुकदमे की पैरवी के कारण परिवार भय के माहौल में जी रहा है। उन्होंने बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि डर की वजह से परिवार के लोग रात में ठीक से सो नहीं पा रहे हैं।
वहीं पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही मौके पर फोर्स भेजी गई थी और संबंधित लोगों को चेतावनी दी गई है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights