लखनऊ में सड़क हादसे में जौनपुर निवासी ऑडियोलॉजिस्ट की दर्दनाक मौत

जौनपुर। जनपद के मूल निवासी एवं उन्नाव जिला अस्पताल में तैनात ऑडियोलॉजिस्ट सुरेश कुमार पाल (40) की लखनऊ में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार सुरेश कुमार पाल लखनऊ के तेलीबाग क्षेत्र में परिवार के साथ रहते थे और उन्नाव जिला अस्पताल में ऑडियोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत थे। शनिवार सुबह वह वृंदावन कॉलोनी स्थित अपने निर्माणाधीन मकान से स्कूटी द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर पड़े पत्थर से उनकी स्कूटी टकरा गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें तत्काल लोकबंधु अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने पीजीआई ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद शनिवार देर शाम उनका शव पैतृक गांव शिवापार, मुस्तफाबाद पहुंचा। शव पहुंचते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। देर रात जौनपुर के रामघाट श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मृतक अपने पीछे पत्नी श्वेता पाल, बेटी सैली और बड़े भाई अखिलेश पाल सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।