ट्विशा शर्मा डेथ केस में बड़ा अपडेट, पूर्व जज गिरिबाला सिंह गिरफ्तार

भोपाल। चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत रद्द किए जाने के बाद सीबीआई ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से पहले सीबीआई की टीम ने उनसे करीब छह घंटे तक पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार सीबीआई की तीन सदस्यीय टीम सुबह करीब 10:30 बजे गिरिबाला सिंह के घर पहुंची थी। टीम ने घर के अंदर डिजिटल मैपिंग करने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पूछताछ की। इस दौरान उनके वकील इनोश जार्ज कार्लो भी मौके पर पहुंचे।
हाईकोर्ट ने अपने आदेश में ट्विशा शर्मा के शरीर पर मिले सात चोटों के निशानों का उल्लेख करते हुए कहा था कि जांच में गिरिबाला सिंह के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आए हैं। अदालत ने यह भी माना कि जमानत मिलने के बाद भी आरोपित जांच में सहयोग नहीं कर रही थीं। इसी आधार पर अदालत ने अग्रिम जमानत रद्द कर दी।
सीबीआई ने कोर्ट में दावा किया कि वॉट्सऐप चैट, गवाहों के बयान और अन्य सबूतों से कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार ट्विशा शर्मा के शरीर पर मिले चोट के निशानों को लेकर ससुराल पक्ष कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। मेडिकल रिपोर्ट में भी यह संकेत मिले कि चोटें शव को फंदे से उतारने के दौरान नहीं लगी थीं।
सीबीआई ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर वीडियो के चुनिंदा हिस्से वायरल कर जांच को प्रभावित करने की कोशिश की गई। जांच एजेंसी के मुताबिक वॉट्सऐप चैट्स से यह भी संकेत मिले कि ट्विशा के गर्भवती होने के बाद उनके चरित्र पर संदेह जताया गया और उन पर गर्भपात का दबाव बनाया गया। दहेज प्रताड़ना के आरोप भी जांच के दायरे में हैं।
सीबीआई ने अदालत से कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिबाला सिंह से हिरासत में पूछताछ आवश्यक है। वहीं जांच एजेंसी भोपाल में इस मामले की जांच के लिए कैंप ऑफिस भी स्थापित करने की तैयारी कर रही है। इसके लिए भोपाल पुलिस कमिश्नर से सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है, जहां मामले से जुड़े दस्तावेज और साक्ष्य सुरक्षित रखे जा सकें।
गौरतलब है कि 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। उन्होंने एमबीए की पढ़ाई की थी और दिल्ली में मार्केटिंग एवं कम्युनिकेशन सेक्टर में काम कर चुकी थीं। वह मॉडलिंग से भी जुड़ी रहीं और मिस पुणे का खिताब जीत चुकी थीं। एक तेलुगु फिल्म में भी उन्होंने काम किया था।
दिसंबर 2025 में ट्विशा की शादी भोपाल निवासी वकील समर्थ सिंह से हुई थी, जो पूर्व सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के बेटे हैं। 12 मई 2026 को ट्विशा अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या माना गया था, लेकिन बाद में मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और दबाव के गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया।
परिवार का दावा है कि मौत से पहले ट्विशा लगातार तनाव में थीं और घटना वाली रात वह अपने परिजनों से संपर्क में थीं। यही कारण है कि अब जांच एजेंसियां आत्महत्या के साथ-साथ दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और सबूतों से छेड़छाड़ के एंगल से भी मामले की जांच कर रही हैं।