रामदयालगंज बाजार में 33 केवी विद्युत लाइन को लेकर व्यापारियों का विरोध, डीएम को सौंपा ज्ञापन


जौनपुर। शाहगंज क्षेत्र के रामदयालगंज बाजार में मकानों और दुकानों के समीप से प्रस्तावित 33 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन बिछाने के विरोध में लोक शक्ति उद्योग व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
लोक शक्ति उद्योग व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष श्रवण जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. को संबोधित ज्ञापन न्यायिक मजिस्ट्रेट शाहगंज रानी गरिमा जायसवाल को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने आरोप लगाया कि रामदयालगंज बाजार के दोनों छोर से 33 केवी हाईटेंशन लाइन मकानों और बाजार से सटाकर ले जाई जा रही है। उनका कहना है कि न्यायालय की रोक के बावजूद विद्युत विभाग द्वारा रात्रि के समय लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भय एवं आक्रोश व्याप्त है।
प्रदेश अध्यक्ष श्रवण जायसवाल ने कहा कि घनी आबादी वाले क्षेत्र से हाईटेंशन लाइन ले जाना भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण देने जैसा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि उक्त विद्युत लाइन को अंडरग्राउंड केबल के माध्यम से ले जाने की व्यवस्था की जाए, ताकि जनहानि की आशंका समाप्त हो सके।
प्रदेश महामंत्री अनवारूल हक ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की तो व्यापार मण्डल व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगा।
इस अवसर पर अमरनाथ मोदनवाल, सुनील चौरसिया, मनोज जायसवाल, धर्मेन्द्र अग्रहरी, कमल चन्द्र अग्रहरी, मुन्ना लाल गुप्ता, छेदी लाल मोदनवाल, रामेश्वर जायसवाल, लवकुश यादव, आदिब अली, राकेश कुमार, सत्यम मोदनवाल, पवन कुमार सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights