आप को जौनपुर में बड़ा झटका, जिला सचिव समेत कई महिला पदाधिकारी भाजपा में शामिल

आप की नीतियों से असंतुष्ट होकर छोड़ी पार्टी, भाजपा की सदस्यता ग्रहण की
जौनपुर। आम आदमी पार्टी (आप) को जौनपुर में उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब पार्टी की कई वरिष्ठ महिला पदाधिकारियों ने संगठन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में इन नेताओं को विधिवत सदस्यता दिलाई गई।
भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने आम आदमी पार्टी की जिला सचिव अनीता श्रीवास्तव, महिला जिला अध्यक्ष अनीता मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष साधना त्रिपाठी तथा सदस्य प्रियंका दुबे को पार्टी का पटका और माला पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई।
भाजपा में शामिल होने के बाद सभी नेत्रियों ने कहा कि वे लंबे समय से आम आदमी पार्टी की नीतियों और कार्यशैली से असंतुष्ट थीं। उनका आरोप है कि पार्टी में कार्यकर्ताओं के सम्मान और जमीनी मुद्दों की उपेक्षा की जा रही थी। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास के लिए भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर उन्हें अधिक विश्वास है, जिसके चलते उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।
भाजपा राष्ट्रवाद और अंत्योदय की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी : अजीत प्रजापति
नए सदस्यों का स्वागत करते हुए जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी व्यक्ति या परिवार विशेष की नहीं, बल्कि “राष्ट्र प्रथम” की भावना पर आधारित संगठन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास की योजनाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए भी पार्टी लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सदस्याओं के जुड़ने से संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में पीयूष गुप्ता, अजय सिंह, परविंदर चौहान, धर्मेंद्र मिश्र तथा राज केशर पाल सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।