महिला से चेन लूटने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, पुलिस कस्टडी में दिखी हेकड़ी


संत कबीर नगर। जिले की एसओजी और मेंहदावल पुलिस की संयुक्त टीम ने महिला से चेन लूटने की वारदात में शामिल दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरखपुर निवासी मोहम्मद कामिल उर्फ अली और मोहम्मद अहमद उर्फ नाटे के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी झपटमारी और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने के लिए कुख्यात हैं। बीती 23 मई को ग्राम अछिया में उन्होंने एक महिला से पानी मांगने के बहाने बातचीत की और मौका पाकर उसके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए थे।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत थी। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर एसओजी एवं मेंहदावल पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से गांजा, नकदी, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस द्वारा मीडिया के सामने पेश किए जाने के दौरान दोनों आरोपी मूंछों पर ताव देते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है तथा उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights