व्यापारी संवाद कार्यक्रम में जीएसटी नियमों की दी जानकारी, व्यापारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा शाहगंज,

जौनपुर। नगर के होटल शाहगंज पैलेस में व्यापारियों के लिए एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से संबंधित नियमों, कर भुगतान प्रक्रिया तथा व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर रजनेश कुमार, असिस्टेंट कमिश्नर राज्य कर विभाग राहुल कुमार राय तथा राज्य कर अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने व्यापारियों को जीएसटी के नवीनतम प्रावधानों की जानकारी दी। अधिकारियों ने समय पर रिटर्न दाखिल करने, कर नियमों का पालन करने तथा जीएसटी व्यवस्था में हुए बदलावों से अवगत रहने पर जोर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि सरकार समय-समय पर जीएसटी व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी करती है। ऐसे में व्यापारियों को नवीनतम नियमों की जानकारी रखना आवश्यक है, जिससे वे किसी भी प्रकार की कानूनी या आर्थिक परेशानी से बच सकें। इस दौरान जीएसटी पंजीकरण, ई-वे बिल, रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया तथा कर निर्धारण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक में व्यापारियों ने जीएसटी पोर्टल पर आने वाली तकनीकी समस्याओं, कर संबंधी नोटिसों एवं अन्य व्यावहारिक कठिनाइयों को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए नियमों के अनुरूप व्यापार संचालन करने की सलाह दी।
व्यापारियों ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई, जिससे व्यापार जगत को नई जानकारियां मिलती रहें और कर संबंधी भ्रम दूर हो सकें। कार्यक्रम के अंत में सभी व्यापारियों से कर नियमों का पालन करते हुए पारदर्शी एवं सुदृढ़ व्यापार व्यवस्था को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष अर्पित जायसवाल ने की। इस अवसर पर नगर महामंत्री सुनील अग्रहरि ‘टप्पू’, कार्यक्रम संयोजक सत्येंद्र मोदनवाल, सहसंयोजक इरशाद अहमद, पूर्व तहसील अध्यक्ष अनिल मोदनवाल, संदीप जायसवाल, शीमप्रकाश अग्रहरि ‘शिम्पू’, महेंद्र कुमार वर्मा (एडवोकेट), अनिमेष जायसवाल (चार्टर्ड अकाउंटेंट), कृष्णकांत सोनी, दीपक जायसवाल, दिवाकर मिश्रा, अश्वनी अग्रहरि, वीरेंद्र जायसवाल, आनंद मोदनवाल, पवन अग्रहरि, अब्दुल्ला राइन, आशीष बरनवाल, चंदन जायसवाल, पंचम जायसवाल एवं उमेश चंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन निवर्तमान नगर अध्यक्ष रविकांत जायसवाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights