बोलेरो ने ऑटो में मारी टक्कर, चालक समेत पांच घायल

जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बोलेरो और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में ऑटो चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
जानकारी के अनुसार, बरसठी थाना क्षेत्र के मौहरी गांव निवासी मुन्ना अपनी तीन बेटियों के साथ गोपालापुर स्थित ससुराल गए थे। वहां से वापस लौटते समय भान्नौर गांव के पास सामने से आ रही एक बोलेरो ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पलट गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में ऑटो चालक बृजभान (28) पुत्र हीरालाल निवासी जमालपुर थाना रामपुर, मुन्ना (45), खुशबू (12), अंजलि (13) तथा चांदनी (15) घायल हो गए। घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।