सोशल मीडिया पर रंगबाजी और हिंसक पोस्ट करने वाले 13 युवक गिरफ्तार


जौनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों के प्रदर्शन के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत सिकरारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रंगबाजी, मनबढ़ई तथा हिंसक और आक्रामक पोस्ट साझा कर रहे थे। इन गतिविधियों से क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में की गई।
प्रभारी निरीक्षक Vishwanath Pratap Singh के नेतृत्व में थाना सिकरारा पुलिस ने विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में अभियान चलाकर 13 युवकों को हिरासत में लिया। पुलिस ने उनके विरुद्ध शांति भंग की आशंका के मद्देनजर बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई करते हुए चालान कर संबंधित न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, रंगबाजी, धमकी भरे वीडियो अथवा हिंसक पोस्ट प्रसारित करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, उपनिरीक्षक श्रीधर शुक्ला सहित थाना सिकरारा की पुलिस टीम शामिल रही।
पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री पोस्ट करने से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights