जौनपुर को मिली पहली महिला शहर कोतवाल, अनीता सिंह ने संभाली कमान

जौनपुर। शहर कोतवाली में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए निरीक्षक अनीता सिंह को नया शहर कोतवाल नियुक्त किया गया है। इससे पहले तैनात किए गए त्रिवेणी सिंह को कार्यभार संभालने के महज तीन दिन बाद ही गैर जनपद स्थानांतरित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, यह संभवतः पहला अवसर है जब किसी शहर कोतवाल का कार्यकाल केवल तीन दिन का रहा हो। वहीं, शहर कोतवाली की कमान पहली बार किसी महिला अधिकारी को सौंपी गई है। सूत्रों के मुताबिक त्रिवेणी सिंह की तैनाती को लेकर सत्तारूढ़ दल के कुछ नेताओं द्वारा आपत्ति जताई गई थी, जिसके बाद उनके स्थानांतरण की प्रक्रिया तेज हुई।
Anita Singh मूल रूप से बलिया जिले की निवासी हैं। वर्ष 2010 बैच की उपनिरीक्षक रहीं अनीता सिंह विभागीय पदोन्नति के बाद निरीक्षक बनीं। इससे पूर्व वह जनपद में महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की प्रभारी के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं।
शुक्रवार को अनीता सिंह ने शहर कोतवाल का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उल्लेखनीय है कि त्रिवेणी सिंह हाल ही में पदोन्नति पाकर निरीक्षक बने थे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Kunwar Anupam Singh ने गत सोमवार रात उन्हें शहर कोतवाल नियुक्त किया था। मंगलवार को कार्यभार संभालने के बाद उनकी तैनाती को लेकर विरोध शुरू हो गया था।
शुक्रवार को गैर जनपद स्थानांतरण आदेश मिलने के बाद त्रिवेणी सिंह को कार्यमुक्त कर दिया गया और अनीता सिंह को शहर कोतवाली की जिम्मेदारी सौंप दी गई। शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर अब लोगों की निगाहें नई शहर कोतवाल पर टिकी हैं।